लखनऊ. पूर्व मंत्री एवं एमएलसी किरण पाल कश्यप ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है. प्रदेश का पढ़ा-लिखा नौजवान नौकरी के लिए भटक रहा है और छात्र अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं. युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार के पास कोई ठोस योजना दिखाई नहीं देती. उन्होंने कहा कि किसान भी आज बेहद परेशान है. किसानों को उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा, खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और किसान अपनी मेहनत का पूरा लाभ पाने के लिए संघर्ष कर रहा है. भाजपा सरकार ने किसानों, छात्रों और नौजवानों तीनों को निराश किया है.
इसे भी पढ़ें- खाकी पर ‘खूनी’ दाग! पुलिस के लात मारने से दलित गर्भवती महिला की मौत, चंद्रशेखर आजाद ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए CM योगी से जो कहा…
आगे पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी मानती है कि छात्र, नौजवान और किसान देश की असली ताकत हैं. छात्रों को बेहतर शिक्षा, नौजवानों को रोजगार और किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना उनका अधिकार है. समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर रोजगार के अवसर बढ़ाने, छात्रों के भविष्य को बेहतर बनाने और किसानों के हित में ठोस कदम उठाए जाएंगे. प्रभु श्रीराम किसी एक पार्टी के नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं. भगवान श्रीराम ने हमें सत्य, न्याय, मर्यादा और भाईचारे का रास्ता दिखाया है.
आगे उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर के नाम पर जनता से लिए गए चंदे के हिसाब-किताब को लेकर भी जनता के मन में सवाल हैं. प्रभु श्रीराम के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. राम के आदर्शों पर चलकर गरीब, किसान, नौजवान और हर वर्ग के हित में काम करना ही सच्ची रामभक्ति है.
इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी और अखिलेश यादव को… केशव मौर्य ने बोला तीखा हमला, जानिए PM मोदी की तारीफ करते हुए दोनों नेताओं के लेकर क्या कहा?
उन्होंने कहा कि राम के नाम पर चंदा लेकर राजनीति करने के बजाय राम के आदर्शों पर चलने की जरूरत है. समाजवादी पार्टी सभी धर्मों का सम्मान और आपसी भाईचारे में विश्वास रखती है. समाजवादी पार्टी की सरकार ने महर्षि कश्यप जी व राजा निषाद जी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर समाज के महापुरुषों और उनकी गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान व्यक्त किया था, लेकिन उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इस अवकाश को समाप्त कर दिया.



