लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष औऱ राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए कोई ठोस और स्थायी कार्य नहीं किया. इन दलों ने पिछड़े वर्गों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा ने उन्हें सम्मान, अवसर और भागीदारी देने का काम किया है.
इसे भी पढ़ें- मुसीबत में ‘गालीबाज महंत’: मछली-भात को लेकर राजू दास पर भड़का निषाद समाज, माफी और कार्रवाई को लेकर दी चेतावनी
मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने का संकल्प लेकर काम करने वाला संगठन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछडे़ वर्गों, वंचितों, गरीबों और युवाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं. प्रधानमंत्री ने पिछड़ा वर्ग के हितों को केवल चुनावी मुद्दा नहीं बनाया, बल्कि उन्हें विकास और शासन की मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी देने का काम किया है.
इसे भी पढ़ें- RLD में ‘सवर्ण सियासत’ की दस्तक! लखनऊ आएंगे जयंत चौधरी, ब्राह्मणों समेत कई बड़े चेहरे थामेंगे पार्टी का दामन
पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देना, शिक्षा और रोजगार में अवसरों का विस्तार करना, गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस, आयुष्मान भारत, नल से जल तथा जनधन जैसी योजनाओं से जोड़ना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने भी पिछड़े वर्गों के कल्याण और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा है. सरकार का लक्ष्य है कि विकास का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे.


