लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तीन जिलों बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 1,350 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 166 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी, लैपटॉप, थर्मल प्रिंटर और प्रमाण पत्र वितरित कर जनसभाओं को संबोधित करेंगे.

मुख्यमंत्री का पहला पड़ाव बुलंदशहर होगा. यहां वह रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर, खंडवाया में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नुमाइश मैदान पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, चाबी, थर्मल प्रिंटर और प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री यहां जनसभा को भी संबोधित करेंगे.

इसे भी पढ़ें- बाबा’राज’ में बदमाश बेलगाम! दिनदहाड़े पुलिस बूथ के पास से तमंचे की नोंक पर लूट, कहां खाक छान रहे कानून के रखवाले?

इसके बाद मुख्यमंत्री अमरोहा के गजरौला स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय पहुंचेंगे. यहां वह 207 करोड़ रुपये से अधिक की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को चेक, चाबी, लैपटॉप और प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री यहां भी जनसभा को संबोधित कर प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी देंगे.

अमरोहा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभल पहुंचेंगे. इंटीग्रेटेड मुख्यालय के पास आयोजित कार्यक्रम में वह 569 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे.

इसे भी पढ़ें- ‘राम के नाम पर चंदा लूटकर अपना घर बनाया…’, बलिया में सपा विधायक जयप्रकाश अंचल का बीजेपी पर हमला, जानिए क्या कहा

तीनों जिलों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से मुख्यमंत्री विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इन तीन जिलों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित यह दौरा प्रदेश सरकार की बुनियादी ढांचा और जनकल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.