लखनऊ. नीट पेपर लीक का मुद्दा देश की सियासत का केंद्र बना हुआ है. विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर लगातार हमलावर हैं. यही वजह है कि उत्तर प्रदेश सेवादल के मुख्य संगठक प्रमोद पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों सेवादल स्वयंसेवकों ने कैंडल मार्च निकाला और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा. वहीं इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर निशाना साधा.
इसे भी पढ़ें- सपा बहादुर आप चाहे रथयात्रा निकालिए या… अखिलेश यादव पर केशव मौर्य का तंज, 2027 चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा
कांग्रेस की ओर से किए गए पोस्ट में कहा गया कि NEET पेपर लीक के महापाप ने देश के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है. इस घोटाले की भेंट चढ़े 22 मासूम छात्रों की असमय मौत और करोड़ों युवाओं के टूटे सपनों के खिलाफ आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल ने सड़क पर उतरकर इंसाफ की हुंकार भरी. उत्तर प्रदेश सेवादल के मुख्य संगठक प्रमोद पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों सेवादल स्वयंसेवकों ने कैंडल मार्च निकाला और इस घोटाले के मुख्य जिम्मेदार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की पुरजोर मांग की.
जब सेवादल के स्वयंसेवक शांतिपूर्ण ढंग से कैंडल मार्च निकालते हुए गांधी प्रतिमा की ओर बढ़ रहे थे, तो डरी हुई पुलिस ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए भारी बैरिकेडिंग कर दी और उनका रास्ता रोक लिया, लेकिन पुलिस के इस दमन से बिना डरे, आक्रोशित स्वयंसेवक सड़क पर ही बैठ गए और छात्र विरोधी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना कड़ा विरोध जताया. इस न्याय मार्च में सिर्फ कांग्रेस जन ही नहीं, बल्कि सैकड़ों आम नागरिक और पीड़ित छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी! ‘पीट देगा अहिर’ ही आपका… राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, अति पिछड़े और दलितों से चिढ़ने का आरोप लगाते हुए दिया बड़ा बयान
कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें, और जिन 22 छात्रों ने इस महाघोटाले के सदमे में अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों को तुरंत मुआवजा और न्याय दिया जाए. इसके साथ ही NEET परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार हो और पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराकर भविष्य में ऐसी धांधली पर पूर्ण विराम लगाया जाए. जब तक युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले सलाखों के पीछे नहीं जाते और शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का यह संघर्ष थमेगा नहीं!

