लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने अगले साल उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों में होने वाले चुनाव को देखते हुए संगठन के स्तर पर नए सात अलग-अलग मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है. नवनियुक्त प्रभारियों में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का कद बढ़ते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें युवा मोर्चा का राष्ट्रीय प्रभारी बनाया है.
इसे भी पढ़ें- 100 रुपये चंदा नहीं दिया तो दलित परिवार का हुक्का-पानी बंद, पंचायत ने लगाया 500 रुपये जुर्माना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तरफ से घोषित सूची में राजस्थान के वरिष्ठ नेता सतीश पूनिया को एसटी मोर्चा को प्रभारी बनाया गया है. आंध्र प्रदेश में भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष रहीं दग्गुबती पुरंदेश्वरी (डी. पुरंदेश्वरी) को महिला मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है.
वहीं हरियाणा से राज्यसभा सांसद संजय भाटिया को एससी मोर्चा व ओड़िसा के वैजयंत पांडा को ओबीसी मोर्चा के प्रभारी बनाया गया है. मध्यप्रदेश के लाल सिंह आर्य को किसान मोर्चा और मध्यप्रदेश के ही गजेंद्र पटेल को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें- शिक्षा के मंदिर में जाति की दीवार! शिक्षिका ने जातिगत अपमान कर छात्र को नहीं दी पुस्तक, कांग्रेस ने भाजपा, पर बोला तीखा हमला
गौरतलब है कि हरीश चंद्र उर्फ हरीश द्विवेदी बस्ती लोकसभा सीट से 16वीं (2014) एवं 17वीं (2019) लोकसभा के सदस्य रहे हैं. वर्तमान में वे असम भाजपा के प्रभारी के रूप में संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.



