लखनऊ. अखिलेश यादव के चवन्नी से रुपया बनाये जाने वाले बयान को लेकर रविवार को राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह पीडीए नहीं, पीड़ा है, बौखलाहट है. उन्होंने कहा कि हम जाति का अखाड़ा नहीं बनने देंगे. कुछ लोग झगड़ों को भी राजनीतिक चश्में से देखते हैं और राजनीतिक रोटियां सेंकने की बात करते हैं. चौधरी चरण सिंह ने हमें सभी का आदर करना सिखाया है. वो जातिवाद की राजनीति नहीं करते थे. वो समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाना चाहते थे. बात अहंकार, भ्रष्टाचार, चोरी और धोखाधड़ी की है. यही एबीसीडी है, हमने आदर करना सीखा.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश का बड़ा ऐलान: सत्ता में आए तो 3 महीने में जातीय जनगणना, महिलाओं को देंगे 40 हजार
जयंत चौधरी ने कहा कि अब शांत रहने का वक्त नहीं है. लखनऊ में जो पार्टी के बड़े अध्यक्ष है, उन्होंने जिस समाज को कहा कि हमने सिखाया. वो चौधरी चरण सिंह का समाज है, आप से समाज नहीं, आप समाज हैं. इस चुनाव में आपको पटखनी देकर चौधरी चरण सिंह का समाज आपको दिखाएगा जवाब देगा. अकेला जयंत को जवाब देने की आवश्यकता नहीं है. आजकल ट्विटर ट्विटर का खेल जा रहा है. पहले यूपी का मतलब उल्टा पुल्टा प्रदेश था. अब दोबारा उसी में भेजना चाहते हैं. उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि सामने वाला हर हथकंडे अपना रहा है.
चौधरी साहब का नाम भुनाया
उन्होंने कहा कि चौधरी साहब के नाम पर सभी ने दल बनाए. चुनाव में उनका नाम भुनाया. मैं इसे भी गलत नहीं मानता, लेकिन फोटो लगाना और उनके कदमों पर चलना बेहद कठिन है. चौधरी साहब की फोटो लगाने वाले दूसरे दलों के लोग बुरा न माने. जयंत ने कहा कि कोई भी संगठन वैक्यूम में काम नहीं करता. कार्यकर्ताओं की भावनाओं की कद्र करें. ठहरा पानी खराब हो जाता है. नई सोच वाले युवाओं को भी पुराने कार्यकर्ता जगह दें और सहयोग करें. उन्होंने कहा कि बीके शुक्ला को हर तरह का समर्थन है. वहीं सबसे कम उम्र के हमारे अध्यक्ष हैं. युवा की परिभाषा भी बदल रही. जेन जी, जेन अल्फा और मैं जेन एक्स हूं. चुनाव में जाति की नहीं, युवा, किसान, व्यापारी, उद्यमी, कुटीर उद्योग और शिक्षक की बात होनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें- टूट जाएगी UP के लड़कों की जोड़ी! OP राजभर ने अखिलेश यादव पर कसा करारा तंज, आप का जिक्र कर सीट बंटवारे को लेकर पूछा सवाल
रालोद के बगैर कोई सरकार नहीं बन पाएगी
रालोद के कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोई भी सरकार रालोद के बिना नहीं बन पाएगी. रालोद केवल पश्चिम नहीं बल्कि पूर्व और मध्य में भी सफल होगी. वहीं सैकड़ों समर्थकों के साथ स्नातक राजनीति से जुड़े रालोद के बीके शुक्ला ने कहा कि रालोद पर टिप्पणी करने वाले समझ लें कि प्रदेश में असली चौधरी आ गया है. उन्होंने रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी से कहा कि 50 से 55 फीसदी निजी कॉलेज यूपी में हैं. जयंत चौधरी से निवेदन है कि आधे से ज्यादा बोझ इन्हीं कॉलेज पर है. सरकार की तरफ से वित्तविहीन कॉलेजों को कोई मदद नहीं मिलती. वे चाहते हैं कि इस दिशा में सरकार विचार करे.


