लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ की घोषणा किए जाने के बाद भाजपा ने सपा पर तीखा हमला बोला है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सपा अपने शासनकाल की नाकामियों को छिपाने के लिए एक बार फिर जनता के सामने ‘झूठे वादों का पिटारा’ लेकर आई है.

इसे भी पढ़ें- योगी जी अब भोगी बन गए हैं, 27 में…कृष्णानंद राय हत्याकांड को लेकर अजय राय का हमला, महंत राजू के गाली देने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

पंकज चौधरी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि सत्ता में रहते हुए सपा ने महिलाओं की सुरक्षा, बेहतर अस्पतालों और कॉलेजों जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए क्या ठोस कदम उठाए थे. उन्होंने अखिलेश यादव की महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने की घोषणा पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि प्रदेश की माताएं-बहनें पूछ रही हैं कि क्या केवल चुनाव से पहले घोषणाएं करने से महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण सुनिश्चित हो जाएगा.

अपने शासनकाल का हिसाब जनता के सामने रखें अखिलेश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सपा सरकार के दौरान महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठते थे. उन्होंने कहा कि उस समय अपराधियों और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त दबंगों के हौसले बुलंद थे. ऐसे में अखिलेश यादव को नई घोषणाओं से पहले अपने शासनकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- सबको गाली, सबका अपमान, यही सपा की… सड़कों पर अखिलेश यादव के लगे 50 से ज्यादा विवादित पोस्टर, जानिए लोगों की नाराजगी की वजह

33 प्रतिशत महिला आरक्षण को लेकर सपा ने विरोध किया

पंकज चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव महिलाओं को स्वतंत्र और प्रखर बनाने की बात कर रहे हैं, लेकिन जब केंद्र की मोदी सरकार ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने वाली ऐतिहासिक पहल की, तब समाजवादी पार्टी ने विरोध किया था. उन्होंने कहा कि 2027 में जनता चुनावी घोषणाओं और कथित ‘लॉलीपॉप’ का जवाब देगी.