लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है. इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल ने रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर शिष्टाचार भेंट की. हालांकि, दोनों प्रभारियों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, मलबे के सामने फ़ातिहा पढ़ेंगे? सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण को लेकर ओपी राजभर का हमला, पूछे कई सवाल
बता दें कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की तैयारियों और सरकार के स्तर पर चल रहे विकास कार्यों समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने प्रदेश संगठन से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर भी चर्चा की. साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए एसआईआर की रिपोर्ट पर भी बातचीत की.
एक दिन पहले विनोद तावड़े ने प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी व संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह सहित सभी पदाधिकारियों और संगठन से जुड़े प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की थी. बैठक में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की जानकारी ली और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया. प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनता के बीच पार्टी की पकड़ को लेकर भी फीडबैक लिया गया.
इसे भी पढ़ें- Gen-Z और Gen-Alpha की जरूरी मांगों को… मायावती का बड़ा बयान, सरकार और राजनीतिक दलों पर बोला तीखा हमला
विनोद तावड़े के लखनऊ दौरे को भाजपा की 2027 की चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है. प्रदेश प्रभारी के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों को समय रहते धार देना मानी जा रही है, जिससे भाजपा प्रदेश में हैट्रिक लगा सके.



