लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रमुख शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की स्मृति सभा और अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तेहरान जाएंगे। 12 से 15 जुलाई तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में वह हिस्सा लेंगे।
मौलाना यासूब अब्बास को ईरान की ओर से आधिकारिक निमंत्रण भेजा गया है। कार्यक्रम के तहत 12 जुलाई को मरहूम आयतुल्लाह खामेनेई की याद में आयोजित मजलिस, 13 जुलाई को ताज़ियती इजलास और 15 जुलाई को अंतिम संस्कार में शामिल होने का कार्यक्रम है।
खामेनेई के निधन पर लखनऊ में पसरा था मातम
बीते माह आयतुल्लाह खामेनेई के निधन के बाद लखनऊ के शिया समुदाय में गहरा शोक देखा गया था। पुराने लखनऊ के चौक, हुसैनाबाद और आसपास के इलाकों में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए थे और विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया था। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड समेत कई धार्मिक संगठनों ने तीन दिन के शोक की घोषणा की थी, जिसके दौरान कई बाजार और प्रतिष्ठान बंद रहे थे।
READ MORE: कहीं LOVE का लफड़ा तो नहीं! कमरे में मिली युवक-युवती की लाश, मौत की मिस्ट्री सुलझाने में जुटे कानून के रखवाले
बाराबंकी के किंतूर गांव से जुड़ी हैं पारिवारिक जड़ें
आयतुल्लाह खामेनेई और ईरान की इस्लामिक क्रांति के जनक आयतुल्लाह रुहोल्लाह खुमैनी की पारिवारिक जड़ों का संबंध उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की सिरौली गौसपुर तहसील स्थित किंतूर गांव से माना जाता है। बताया जाता है कि उनके पूर्वज सैयद अहमद मुसावी हिंदी का जन्म इसी गांव में हुआ था। बाद में वह धार्मिक शिक्षा के लिए इराक और फिर ईरान चले गए थे। अपनी भारतीय पहचान को बनाए रखने के लिए परिवार ने अपने नाम के साथ ‘हिंदी’ उपनाम भी जोड़ा था। लखनऊ से करीब 63 किलोमीटर दूर स्थित किंतूर आज भी भारत और ईरान के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों का एक महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।
READ MORE: रीलबाजी के रोलबाजीः स्टंट का VIDEO सोशल मीडिया में वायरल पड़ना पड़ा मंहगा, खाकी ने 5 युवकों को दबोचा
कई भारतीय नेताओं को भी मिला निमंत्रण
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान ने भाजपा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को भी अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भेजा है। इनमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और जैन संत आचार्य लोकेश मुनि को भी आमंत्रित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निमंत्रण भेजे जाने की खबरें हैं।भारत सरकार ने भी अपना आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ईरान भेजने का फैसला किया है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा करेंगे, जबकि उनके साथ बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन भी मौजूद रहेंगे।

