अशोक कुमार जायसवाल, मिर्जापुर. जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित डवक बस स्टैंड पर पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर आधा दर्जन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने युवक को दौड़ाकर पहले बेरहमी से पीटा और फिर दुकान में घुसकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. युवक के शरीर पर छह वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
बता दें कि पसही निवासी शिवम मिश्रा 10 मई की रात डवक बाजार स्टैंड पर फल खरीदने गया था. लौटते समय पुरानी रंजिश को लेकर मनबढ़ युवकों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि रजत सिंह, अनुपम जायसवाल, कल्लू सिंह, ओम सिंह समेत करीब आधा दर्जन युवकों ने शिवम को घेरकर मारपीट शुरू कर दी. जान बचाने के लिए शिवम पास की एक चाय की दुकान में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए.
इसे भी पढ़ें- ये सिलसिला कब रुकेगा? जवाबदेही कब तय होगी? NEET पेपर लीक होने से छात्र ने लगाया मौत को गले, प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान के भीतर पहले शिवम को लात-घूंसों से पीटा गया, फिर दुकान में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसके चेहरे और सीने पर ताबड़तोड़ छह वार किए गए. खून से लथपथ होकर शिवम जमीन पर गिर पड़ा. स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया.
घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वायरल वीडियो में एक युवक दुकान के अंदर रखा चाकू उठाकर शिवम पर लगातार वार करता दिखाई दे रहा है, जबकि पांच से छह युवक मिलकर उसे बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं. बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक को भी हमलावर धक्का देकर पीछे हटाते दिखाई दे रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि घटना का वीडियो वायरल होने और आरोपियों की पहचान सामने आने के बावजूद शुक्रवार दोपहर तक जमालपुर पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी.
इसे भी पढ़ें- ‘सपा मुखिया को क्षमा याचना और पश्चाताप कर लेना चाहिए’… ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी को लेकर मायावती ने साधा निशाना
घायल युवक के भाई शुभम मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने रजत सिंह, अनुपम जायसवाल, कल्लू सिंह, ओम सिंह सहित अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. हालांकि, पीड़ित परिवार ने डवक चौकी प्रभारी ओम प्रकाश सिंह राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि कार्रवाई करने के बजाय चौकी प्रभारी लगातार समझौते और सुलह का दबाव बना रहे हैं. परिवार का आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है.
जमालपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है. आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घायल युवक की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं सीओ चुनार मंजरी राव ने कहा कि चौकी इंचार्ज के खिलाफ मिली शिकायत की जांच कराई जाएगी. घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

