लखनऊ। अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा की ‘चोरी-लूट-छल-कपट-झूठ-फरेब’ की अधर्मी राजनीति अब प्रभु श्रीराम के मंदिर से आगे बढ़कर हनुमानगढ़ी तक पहुंच गई है।
शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग हनुमानगढ़ी को लेकर मिथ्या प्रचार कर रहे हैं, उन्हें अपने ‘महापाप’ का प्रायश्चित करना चाहिए और स्वीकार करना चाहिए कि वे राम मंदिर में कथित चोरी के मामले से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें हनुमानगढ़ी की सीढ़ियां घुटनों के बल चढ़कर इस अनादि आस्था स्थल से क्षमा याचना करनी चाहिए।
READ MORE: अखिलेश जी! ‘पीट देगा अहिर’ ही आपका… राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, अति पिछड़े और दलितों से चिढ़ने का आरोप लगाते हुए दिया बड़ा बयान
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि संकीर्ण राजनीति करते-करते कुछ लोग यह भूल जाते हैं कि झूठ बोलकर वे अपने ‘धर्मपद’ का भी अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी को झूठ बोलना ही है तो वह साधारण व्यक्ति की वेशभूषा धारण करके ऐसा करे। श्रद्धा के प्रतीकों को धारण कर अपने स्वार्थ की सिद्धि के लिए भोल-भाले आस्थावानों को ठगना महाअधर्म है।
अखिलेश यादव ने कहा कि हनुमानगढ़ी की अतिशय शक्ति जब सामान्य पापियों का ही शमन कर देती है, तो ‘महापापियों’ का क्या हश्र होगा, यह कहने की आवश्यकता नहीं है। प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के प्रकोप से कोई अधर्मी नहीं बचेगा।
READ MORE: बरेली एयरपोर्ट से अब दुबई-चीन तक सफर होगा आसान, इंडिगो ने शुरू की कनेक्टिंग फ्लाइट बुकिंग
उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों पर हमला बोलते हुए कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि जहां-जहां भाजपा और उसके ‘अपंजीकृत संगी-साथी’ काबिज हैं, वहां-वहां घोर बेईमानी, चोरी, गबन और लूट हो रही है। उन्होंने दावा किया कि अभी तो यह पहली परत खुली है, आगे-आगे और भी कई तथ्य सामने आएंगे।

