शाहजहांपुर. जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां के अल्हागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला चौरसिया में बुधवार दोपहर करीब एक बजे मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने बच्चे को साथ लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें- ‘घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं होता’, केशव मौर्य के बयान पर अखिलेश की चुटकी, बोले- अंदर से ये भी खुश हैं
स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त अवनीश और उसकी 30 वर्षीय पत्नी सुशीला के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आपा खोकर अवनीश ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठा ली. उसने सुशीला की गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए. हमला इतना जोरदार था कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण सुशीला ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया.
आरोपी की भाभी शालू ने बताया कि अवनीश और सुशीला का विवाह लगभग सात साल पहले हुआ था. शादी के बाद से ही अवनीश को शराब की बुरी लत थी और वह अक्सर सुशीला के साथ बेरहमी से मारपीट और गाली-गलौज करता था. पति के इस रोज-रोज के जुल्म और प्रताड़ना से तंग आकर सुशीला करीब दो महीने पहले फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में स्थित अपने मायके (ददिया गांव) चली गई थी. वह वहीं रह रही थी, लेकिन करीब 15 दिन पहले ही अवनीश मिन्नतें करके उसे वापस अपने घर लेकर आया था. किसे पता था कि वापस आने के कुछ ही दिनों बाद सुशीला के साथ यह भयावह हादसा हो जाएगा.
इसे भी पढ़ें- BJP न आम की है, न राम की है, न…राम के मंदिर निर्माण और चढ़ावे में संजय सिंह ने 304 बार चोरी का किया दावा, जनता से कर दी बड़ी अपील
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. जलालाबाद के क्षेत्राधिकारी (CO) दीपक कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वारदात के बाद से ही आरोपी पति अपने बच्चे को लेकर फरार है. उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

