वाराणसी. यूपी में योगी सरकार जीरो टॉलरेंस और सुशासन का दावा करती है, लेकिन इन दावों की पोल खुलती नजर आ रही है. पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में एक युवक ने सरेआम चाकू लहराते हुए एक युवक की जमकर पिटाई की, जिसका वीडियो शेयर कर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा है.

इसे भी पढ़ें- हार के डर से भाजपा…विधान परिषद चुनाव में वोटिंग को लेकर अखिलेश यादव ने लगाया बड़ा आरोप, जानिए ऐसा क्या कह गए सपा सुप्रीमो

अजय राय ने वीडियो शेयर कर कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अपराधियों के हौसले बुलंद, कानून-व्यवस्था पूर्ण रूप से ध्वस्त! चितईपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद गेट स्थित रेस्टोरेंट में हाथों में चाकू लेकर खुलेआम दबंगई, उत्पात और रेस्टोरेंटकर्मी को पीट-पीटकर बेसुध कर देना आखिर यह कैसी कानून-व्यवस्था है?

आगे उन्होंने कहा कि एक तरफ बनारस में एयर शो के लिए पूरे प्रदेश का प्रशासनिक अमला तैनात है, दूसरी तरफ अपराधी सरेआम चाकू लहराकर मारपीट कर रहे हैं. जब प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में ही व्यापारी और कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं, तो प्रदेश के बाकी हिस्सों में सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है!

इसे भी पढ़ें- ‘योगी के सुशासन’ में माफियाओं की मौज! 100 वर्ष पुराने गुरुकुल की जमीन पर कब्जे का आरोप, प्राचार्य और छात्रों ने CM से लगाई न्याय गुहार

अजय राय ने ये भी कहा कि योगी सरकार और वाराणसी पुलिस जवाब दें कि आखिर अपराधियों में कानून का डर कब पैदा होगा? क्या आम जनता की सुरक्षा से ज्यादा जरूरी सिर्फ बड़े आयोजनों की व्यवस्था है? दोषियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई हो और पीड़ित को न्याय मिले!