लखनऊ. उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की सियासी ताकत को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि बिना समाजवादी पार्टी के राहुल गांधी का चुनाव में खाता नहीं खुलेगा. यही बात सपा पर भी लागू होती है. बिना राहुल गांधी के अखिलेश यादव की हालत भी खराब हो जाएगी. वहीं, कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर पलटवार किया है.

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि राजनाथ सिंह ने जो कुछ भी कहा है, वह बिल्कुल सही है. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों को चुनाव में एक-दूसरे के सहयोग की जरूरत है.

इसे भी पढ़ें- 46 साल पुराने सामूहिक हत्याकांड में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, इस वजह से दो दोषियों की उम्रकैद रद्द

राजनाथ सिंह ने रायबरेली सीट पर उठाया था सवाल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में राहुल गांधी और अखिलेश यादव के राजनीतिक गठबंधन पर सवाल उठाया था. उन्होंने पूछा था कि क्या राहुल गांधी, अखिलेश यादव के बिना अपनी रायबरेली सीट बचा पाएंगे? इसी बयान पर राजभर ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि दोनों नेताओं की राजनीतिक स्थिति एक-दूसरे के सहयोग से जुड़ी है.

इमरान मसूद ने बीजेपी पर किया पलटवार

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने राजनाथ सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी कांग्रेस और राहुल गांधी की आंधी को पहचानने में गलती कर रही है. उन्होंने कहा, “हम इस लुटे हुए लोकतंत्र को वापस लाएंगे. हम चुनाव आयोग को स्वतंत्र कराएंगे.” उनके बयान से साफ है कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे हटने के मूड में नहीं है.

इसे भी पढ़ें- बलिया में आधी रात तड़तड़ाई गोलियां… गोवंश को बिहार ले जाने की थी तैयारी, पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर घायल

अजय राय ने वाराणसी और प्रधानमंत्री पर उठाए सवाल

यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने भी राजनाथ सिंह पर निशाना साधा. उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहयोगी दलों और प्रशासनिक मशीनरी के सहारे के बिना अकेले चुनाव लड़ सकते हैं? अजय राय ने वाराणसी में मतगणना के शुरुआती सात राउंड में प्रधानमंत्री के पीछे रहने का दावा करते हुए चुनाव में हेरफेर के आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा कि इस बार काशी की जनता ऐसा जवाब देगी कि दिल्ली की सियासत हिल जाएगी.