अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली। जिले के मुगलसराय–चकिया मार्ग स्थित एक मुरादाबादी बिरयानी दुकान पर मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब दुकान पर पहुंचे दो युवकों पर शराब के नशे में उत्पात मचाने, मारपीट करने, दुकान में तोड़फोड़ करने और गल्ले से नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी दुकान पर धमकी देने और जान से मारने की नीयत से पहुंचे थे।

तुरंत बिरयानी देने की कर रहे थे मांग

पीड़ित दुकान संचालक इरफान ने बताया कि दुकान पर पहले से कई ग्राहक मौजूद थे और ऑर्डर के अनुसार बिरयानी पैक की जा रही थी। इसी दौरान दो युवक पहुंचे और तुरंत बिरयानी देने की मांग करने लगे। दुकान संचालक द्वारा कुछ मिनट इंतजार करने की बात कहे जाने पर दोनों युवक नाराज हो गए और अभद्र व्यवहार करने लगे।

READ MORE: ऐसी क्या मजबूरी थी? युवक ने खुद को तमंचे से मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

युवकों ने दुकान संचालक के साथ की मारपीट

आरोप है कि कुछ ही देर में दोनों युवकों ने दुकान संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में रखा सामान फेंक दिया गया और बाहर रखी बिरयानी भी बर्बाद कर दी गई। पीड़ित के मुताबिक, हंगामे के दौरान गल्ले में रखे करीब 7 से 8 हजार रुपये भी निकाल लिए गए। घटना के दौरान पास की दुकान पर मौजूद शिवम बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। शिवम ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके हाथ पर काट लिया, जिससे हाथ में सूजन आ गई।

READ MORE: अब ‘गुंडे’ को भी नेता बनाएंगे मंत्री जी! हत्या का आरोपी ओपी राजभर की ‘वॉशिंग मशीन’ में होगा साफ, प्रदीप कबूतरा ने थामा सुभसपा का दामन

पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित आलम द्वारा 112 पुलिस सेवा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अलीनगर थाने ले गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम में तीन लोग घायल हुए हैं। घटना का वीडियो भी मौजूद बताया जा रहा है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने अलीनगर थाना लेजाएगा कार्रवाई की मांग की है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।