० गली बनी रणभूमि, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए हमले के आरोप
झज्जर। हरियाणा के झज्जर शहर के छावनी मोहल्ला में दीवार निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों ओर से ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलने लगीं। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 17 नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीवार निर्माण के दौरान शुरू हुआ विवाद
पहले पक्ष के विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को उनके घर के सामने गली निर्माण का काम चल रहा था। मोहल्ले के लोग नाली के ऊपर करीब पांच फीट ऊंची दीवार बनवाना चाहते थे। इसी दौरान राजेश और योगेश अपने साथ 40-50 लोगों को लेकर पहुंचे और लाठी, डंडे, लोहे की रॉड तथा ट्रैक्टर में रखी ईंटों से हमला कर दिया।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक हमले में विकास, उसके भाई और नरेश घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी भाभी के साथ भी मारपीट की, मोबाइल फोन तोड़ दिया और घर के अंदर घुसकर हमला किया। जाते-जाते आरोपियों ने दीवार बनाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस शिकायत पर राजेश, योगेश समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप
दूसरे पक्ष के राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पड़ोसी उनकी जमीन के पास अवैध दीवार बना रहे थे। विरोध करने पर फकीरा, मोनी, देवेंद्र, विकास, रवि, सुनील, पिंकी, मक्खन समेत अन्य लोगों ने पहले जान से मारने की धमकी दी और बाद में उस पर तथा उसके भाई योगेश पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया।
घायलों को PGI रोहतक किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। घायलों को पहले नागरिक अस्पताल झज्जर ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
घटना के वायरल वीडियो में गली में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर ईंटें बरसाते और लाठी-डंडों के साथ दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। झज्जर शहर थाना प्रभारी सरिता ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर 17 नामजद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

