स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा. इनमें 8 कार्मिकों का चयन सेवा के आधार पर और 6 का विशिष्ट कार्य के लिए किया गया है.
देहरादून. उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य पुलिस के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित करेंगे. इनमें 8 पुलिस कार्मिकों का चयन उनकी सेवा के आधार पर, जबकि 6 को विशिष्ट कार्य के लिए इस सम्मान के लिए चुना गया है.
सेवा के आधार पर सम्मान
सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ उत्तराखंड नीलेश आनंद भरणे शामिल हैं. इनके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार, जनपद नैनीताल रेवाधर मठपाल को भी पदक दिया जाएगा.
पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक जनपद चमोली त्रिवेन्द्र सिंह राणा और पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल को भी इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा.
पुलिस मुख्यालय में तैनात निरीक्षक नागरिक पुलिस गिरीबर सिंह रावत और मोहम्मद यासीन के साथ 40वीं वाहिनी पीएसी के गुल्मनायक दिनेश चन्द्र को भी सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा.
विशिष्ट कार्य के लिए पदक
विशिष्ट कार्य के लिए चुने गए छह पुलिस कार्मिकों में दो को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा. इनमें निरीक्षक अभिसूचना, एलआईयू देहरादून स्वर्गीय मनोज मनराल और उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, जनपद टिहरी गढ़वाल स्वर्गीय विनोद कुमार शामिल हैं.
इस श्रेणी में पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक उत्तराखंड सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर और पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल का नाम भी शामिल है.
डीजीपी ने दी बधाई
डीजीपी दीपम सेठ के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव के प्रति सम्मान का प्रतीक है. इससे पुलिस बल के अन्य सदस्यों को भी अपने दायित्वों का अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी.


