मुजफ्फरपुर। भारतीय क्रिकेट में इन दिनों 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम सुर्खियों में है। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया तक का सफर तय करने वाले वैभव को देश का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है। लेकिन अब बिहार से ही एक और युवा बल्लेबाज ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। खास बात यह है कि यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि वैभव सूर्यवंशी का बचपन का दोस्त अयान राज है, जिसने महज 14 साल की उम्र में ऐसी पारी खेली है, जिसकी चर्चा पूरे बिहार के क्रिकेट गलियारों में हो रही है।

मुजफ्फरपुर जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला अंडर-16 क्रिकेट लीग के उद्घाटन मुकाबले में संस्कृति क्लब की ओर से खेलते हुए अयान राज ने 83 गेंदों पर 210 रन की विस्फोटक पारी खेलकर सभी को हैरान कर दिया। अपनी इस यादगार पारी में अयान ने 35 चौके और 9 छक्के लगाए। मैदान के चारों ओर शॉट्स की बरसात करते हुए उन्होंने विपक्षी टीम के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और रिकॉर्ड स्कोर खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई।
संस्कृति क्लब ने बनाया 462 रन का विशाल स्कोर
ईटीसी ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में संस्कृति क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अयान राज की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 462 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
अयान के अलावा सैफी सिद्दीकी ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 28 गेंदों पर 110 रन जड़ दिए। उनकी पारी में 15 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। वहीं शिवम यादव ने 76 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूत किया। तीन बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत संस्कृति क्लब ने विपक्षी टीम के सामने 463 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा।
77 रन पर सिमट गई पूरी टीम
463 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएसटीसीए की टीम संस्कृति क्लब के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। पूरी टीम महज 77 रन पर ढेर हो गई।
संस्कृति क्लब के निशांत तिवारी ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 6 ओवर में 3 मेडन फेंके, सिर्फ 11 रन खर्च किए और 5 विकेट अपने नाम किए। उनकी गेंदबाजी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने मुकाबले में हैट्रिक भी पूरी की। बीएसटीसीए की ओर से सूरज ने 19 और निखिल ने 14 रन बनाए, लेकिन टीम को बड़ी हार से नहीं बचा सके।
वैभव सूर्यवंशी के दोस्त की बढ़ रही चर्चा

अयान राज की यह पारी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि वह भारतीय क्रिकेट के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के बचपन के दोस्त हैं। वैभव ने हाल ही में आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में भी जगह मिली है और वह वर्तमान में इंडिया-ए की टीम के साथ ट्राई नेशन ए सीरीज में हिस्सा ले रहे हैं।
अब वैभव के बाद अयान राज का नाम भी तेजी से चर्चा में आ रहा है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि बिहार क्रिकेट को एक और प्रतिभाशाली बल्लेबाज मिल गया है, जो आने वाले समय में बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।
पहले भी खेल चुके हैं 327 रन की पारी
अयान राज पहली बार अपनी बल्लेबाजी को लेकर चर्चा में नहीं आए हैं। इससे पहले भी वह एक मुकाबले में नाबाद 327 रन की रिकॉर्ड पारी खेल चुके हैं। कम उम्र में लगातार बड़े स्कोर बनाने की उनकी क्षमता ने उन्हें बिहार क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।
पिता ने छत पर बनवा दी प्रैक्टिस पिच
अयान की सफलता के पीछे उनके परिवार का भी बड़ा योगदान है। अयान बताते हैं कि उनके पिता हमेशा उनके क्रिकेट करियर को लेकर गंभीर रहे हैं। बारिश के दिनों में अभ्यास प्रभावित न हो, इसके लिए उनके पिता ने घर की छत पर ही प्रैक्टिस पिच बनवा दी। इससे उन्हें मौसम खराब होने पर भी नियमित अभ्यास करने का मौका मिलता है।
4-5 घंटे अभ्यास, साथ में पढ़ाई भी
14 वर्षीय अयान राज वर्तमान में नौवीं कक्षा के छात्र हैं। अगले वर्ष उन्हें दसवीं बोर्ड की परीक्षा भी देनी है, लेकिन इसके बावजूद वह खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाए हुए हैं। अयान रोजाना चार से पांच घंटे क्रिकेट अभ्यास करते हैं और इसके बाद एक से दो घंटे पढ़ाई के लिए भी समय निकालते हैं। उनका सपना भारतीय टीम के लिए खेलना है और इसी लक्ष्य को लेकर वह लगातार मेहनत कर रहे हैं।
बिहार क्रिकेट का नया सितारा
अयान राज के लगातार शानदार प्रदर्शन को देखते हुए अब उन्हें बिहार क्रिकेट के उभरते हुए सितारों में गिना जाने लगा है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो वह आने वाले वर्षों में बिहार ही नहीं, बल्कि देश का नाम भी रोशन कर सकते हैं। वैभव सूर्यवंशी के बाद अयान राज का उभरना बिहार क्रिकेट के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

