Vaibhav Suryavanshi Creates History: वैभव सूर्यवंशी का आईपीएल 2026 में जलवा है. वो 19वें सीजन में धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं. उन्होंने 7 मैचों में 220.86 के स्ट्राइक रेट से 254 रन बनाए हैं. लखनऊ के खिलाफ 8 रन बनाकर उन्होंने इतिहास रचा है.
Vaibhav Suryavanshi Creates History: एक कहावत है कि पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं. इस कहावत को वैभव सूर्यवंशी ने सच कर दिखाया है. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में भले ही उनके बल्ले से सिर्फ 8 रन निकले, लेकिन उन्होंने इन 8 रनों के दम पर एक-दो नहीं बल्कि 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिए हैं. महज 15 साल की उम्र में वैभव ने क्रिकेट की दुनिया में वो तूफान ला दिया है, जिसकी गूंज सालों तक सुनाई देगी.
वैभव मैच दर मैच इतिहास रचते जा रहे हैं. डेब्यू से लेकर अब तक वो कई कमाल कर चुके हैं. अब बात उन 4 ऐतिहासिक रिकॉर्ड की करते हैं, जो उन्होंने लखनऊ के खिलाफ इकाना स्टेडियम में सिर्फ 8 रन बनाकर अपने नाम किए हैं. वैभव के इन रिकॉर्ड्स को तोड़ना अब नामुमकिन लगने लगा है.
वैभव सूर्यवंशी के वो 4 ऐतिहासिक रिकॉर्ड

1 – सबसे तेज 500 रन (गेंदों के मामले में)
15 साल के वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल इतिहास में सबसे कम गेंदें खेलकर 500 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने यह जादुई आंकड़ा महज 227 गेंदों में छू लिया. इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के सिक्स-हिटर ग्लेन मैक्सवेल (260 गेंद) का सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
2 – आईपीएल इतिहास के सबसे युवा ‘हाफ-हजारी’
वैभव ने केवल 15 साल और 26 दिन की उम्र में 500 आईपीएल रन पूरे करने का कारनामा किया है. वो सबसे कम उम्र में इस आंकड़े को छूने वाले बल्लेबाज बने हैं. उन्होंने पृथ्वी शॉ (19 साल 164 दिन) और संजू सैमसन जैसे दिग्गजों को बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है.
3 – 200+ के स्ट्राइक रेट से 500 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी
वैभव इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 200+ के स्ट्राइक रेट के साथ आईपीएल में 500 रन पूरे किए हैं. ये कमाल आईपीएल के 19 सालों के इतिहास में कोई दूसरा बल्लेबाज नहीं कर सका था.
4 – अनोखा ‘मेडन’ और विकेट का संयोग
लखनऊ के खिलाफ मैच में वैभव के नाम एक और अनोखा रिकॉर्ड जुड़ा. अपने आईपीएल करियर में पहली बार वैभव ने किसी गेंदबाज (मोहसिन खान) के खिलाफ ‘मेडन’ ओवर खेला और उसी ओवर में आउट भी हुए. इससे पहले उन्होंने कभी भी आईपीएल में एक भी मेडन ओवर का सामना नहीं किया था.
आईपीएल 2025 के 7 मैचों में 252 रन बनाने वाले वैभव का बल्ला इस सीजन भी बोल रहा है. राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव इस सीजन में सबसे बड़े मैच विनर साबित हो रहे हैं. 7 मैचों में उन्होंने 220.86 के स्ट्राइक रेट से 254 रन बना दिए हैं. वो राजस्थान के लिए इस सीजन के लीडिंग रन-स्कोरर हैं. वैभव के बल्ले से अब तक 26 चौके और 20 छक्के निकल चुके हैं.
मैच का लेखा-जोखा
अगर मैच की बात करें तो आईपीएल 2026 का 32वां मुकाबला बुधवार को राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला गया, जिसमें आरआर ने 40 रनों से जीत हासिल की. आरआर ने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 159 रन बनाए थे, जिसका पीछा करते हुए लखनऊ की टीम 18 ओवर में 119 रनों पर सिमट गई.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

