वाराणसी एयरपोर्ट पर मंगलवार को रनवे के पास डंपर पलटने के बाद दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट को टच एंड गो कर लखनऊ डायवर्ट किया गया। घटना के कारण मुख्य रनवे करीब दो घंटे बंद रहा और कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।
वाराणसी. लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर में मंगलवार को रनवे के पास डंपर पलटने से विमान संचालन प्रभावित हो गया. इसी दौरान दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E5025 लैंडिंग के करीब थी, लेकिन रनवे की स्थिति को देखते हुए विमान ने टच एंड गो किया और दोबारा हवा में उड़ गया. इसके बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया.
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, रनवे निर्माण में लगी कंपनी पीएनसी इंफ्राटेक का डंपर अचानक रनवे के पास पलट गया था. इंडिगो के विमान में 154 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे.
यह भी पढ़ें: गुरु-शिष्य का रिश्ता शर्मसार! MNNIT प्रयागराज के B.Tech छात्रा से दुष्कर्म मामले में प्रोफेसर सौगतो राय गिरफ्तार
घटना के बाद विमान के यात्रियों के परिजन भी परेशान रहे. उन्हें विमान के आने की जानकारी थी, लेकिन विमान के लखनऊ डायवर्ट किए जाने के बाद उसकी स्थिति को लेकर परिजनों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही.
दो घंटे बंद रहा रनवे
डंपर पलटने की घटना के बाद एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को करीब दो घंटे के लिए बंद करना पड़ा. सुरक्षा और विमान संचालन मानकों को ध्यान में रखते हुए इस दौरान हवाई यातायात अस्थायी रूप से प्रभावित रहा.
अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे रनवे को पूरी तरह संचालन योग्य बनाने के लिए उसे बंद किया गया. रनवे की स्थिति में सुधार के बाद विमानों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य की गई.
कई उड़ानें डायवर्ट
रनवे बंद रहने के दौरान वाराणसी आने वाली कई उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा. अहमदाबाद और नवी मुंबई से वाराणसी आने वाली विमान सेवाओं को अयोध्या और लखनऊ की ओर मोड़ा गया.
वहीं, गाजियाबाद से आने वाली उड़ान रद्द करनी पड़ी. वाराणसी से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट भी काफी विलंबित हुई. अन्य उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा, जिससे यात्रियों और उन्हें लेने या छोड़ने आए लोगों को परेशानी हुई.
यात्रियों में असमंजस
रनवे के पास डंपर पलटने के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं. कई यात्री अपनी उड़ानों के नए समय और स्थिति की जानकारी लेने के लिए एयरलाइंस के हेल्प डेस्क पर पहुंचे.
एयरपोर्ट प्राधिकरण और एयरलाइंस प्रबंधन स्थिति सामान्य करने में जुटे रहे. यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइंस से अपनी उड़ान की लाइव स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई.
रनवे विस्तार का काम जारी
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे मेंटेनेंस के लिए इसे डेढ़ से दो घंटे तक बंद किया गया था. इसका असर कुछ विमानों पर पड़ा है और कुछ समय में स्थिति सामान्य हो जाएगी.
रनवे विस्तार के चलते पिछले एक महीने से रात्रि की उड़ानें बंद हैं. वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी संचालन के दौरान रनवे के पास डंपर के पहुंचने और पलटने के मामले की जांच भी कर रही है.


