Maharashtra Navratri 2026: महाराष्ट्र में नवरात्रि उत्सव शुरू होने से पहले गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में मुस्लिम समुदाय की भागीदारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने राज्य में गरबा और डांडिया आयोजनों में मुसलमानों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात कही है। संगठन के इस फैसले का विपक्षी दलों ने कड़ा विरोध किया है।
VHP ने जारी की गाइडलाइन
विहिप के प्रवक्ता और संयुक्त सचिव श्रीराज नायर के मुताबिक, संगठन ने गरबा और डांडिया आयोजनों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भागीदारी रोकने का फैसला किया है। आयोजकों को कुछ दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। इनमें कार्यक्रम में शामिल होने वालों की पहचान की पुष्टि के लिए आधार कार्ड की जांच और प्रतिभागियों के माथे पर तिलक लगाने की बात कही गई है।महाराष्ट्र में इस साल नवरात्रि उत्सव 11 अक्टूबर से शुरू होने की बात कही गई है।
संजय राउत ने मोहन भागवत का किया जिक्र
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने VHP के रुख की आलोचना की। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के हालिया न्यूयॉर्क भाषण का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि क्या VHP उनके विचारों से सहमत नहीं है। राउत ने कहा कि भागवत ने हिंदुओं और मुसलमानों के बीच नफरत को लेकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने मांग की कि भागवत इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करें।
कांग्रेस और NCP ने भी जताई आपत्ति
कांग्रेस विधायक अमीन पटेल ने मुस्लिमों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग को असंवैधानिक बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होते हैं और इससे आपसी भाईचारा मजबूत होता है। महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन प्यारे खान ने भी कहा कि त्योहारों का उद्देश्य लोगों को जोड़ना है, बांटना नहीं।
वहीं, NCP (शरद पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रास्टो ने VHP के फैसले को शांति और सामाजिक भाईचारे के लिए नुकसानदायक बताया। उन्होंने महाराष्ट्र की बीजेपी सरकार से पूछा कि वह इस मामले में क्या कार्रवाई करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



