संदीप शर्मा, विदिशा। जिले के लटेरी में पुलिस की बर्बरता का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां शनिवार की रात दो पुलिसकर्मियों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की। युवक की शिकायत और पुख्ता सबूतों के आधार पर विदिशा पुलिस अधीक्षक (SP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों दोषी आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही दोनों के खिलाफ FIR भी दर्ज कर ली गई है।

ये भी पढ़ें: खौफ का पलायन: गुजरात में कस्टडी मर्डर के बाद पिपरसमा गांव से भागे 30 जाटव परिवार, घरों में लटके ताले, उठे गंभीर सवाल!

CCTV कैमरे में कैद हुई पुलिस की करतूत

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की रात लटेरी में अजय नाम के युवक के साथ दो आरक्षकों ने बिना किसी स्पष्ट वजह के मारपीट की थी। पीड़ित अजय ने हार नहीं मानी और घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज निकाला, जिसमें पुलिसकर्मियों की यह करतूत साफ तौर पर कैद हो गई। इसी सीसीटीवी वीडियो के आधार पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

ड्यूटी पॉइंट छोड़कर दूसरी जगह पहुंचे थे दोषी आरक्षक

इस पूरे मामले में विदिशा के एडिशनल एसपी (ASP) प्रशांत चौबे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच कराई गई। जांच में सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर घटना पूरी तरह सही पाई गई। इसके साथ ही जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ कि दोनों दोषी पुलिसकर्मी नाइट पेट्रोलिंग के दौरान किसी अन्य पॉइंट पर तैनात किए गए थे लेकिन वे अपनी तय ड्यूटी छोड़कर किसी दूसरी जगह पहुंच गए थे।

ये भी पढ़ें: अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश: भागवत कथा में महिलाओं को बनाते थे निशाना, 4 महिलाओं समेत 7 गिरफ्तार, 50 लाख का माल बरामद

अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद जांच जारी

ड्यूटी में लापरवाही बरतने और एक नागरिक के साथ मारपीट करने के चलते दोनों आरक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। एसपी के निर्देश पर दोनों को निलंबित कर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है। एडिशनल एसपी ने साफ किया है कि पुलिस महकमे में इस तरह की अनुशासनहीनता और बर्बरता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच आगे भी जारी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m