कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखना एक परिवार को भारी पड़ गया। विज्ञापन पर क्लिक करते ही मोबाइल हैंग हो गया और इसी दौरान ठगों ने बैंक खाते से तीन बार में करीब 98 हजार रुपए निकाल लिए। अगले दिन बैंक किस्त के लिए बैलेंस कम होने का मैसेज आया, तब ठगी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है।

READ MORE: फर्जी कंसल्टेंसी का भंडाफोड़: पति करता था धोखाधड़ी, पत्नी के खाते में जाते थे रुपये; पुलिस ने बनाया आरोपी

दरअसल मामला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रूद्रपुरा का है। यहां रहने वाले जयप्रताप सिंह बाथम के मुताबिक उनकी पत्नी रचना बाथम मोटोरोला मोबाइल पर इंस्टाग्राम चला रही थीं। इसी दौरान स्क्रीन पर एक विज्ञापन आया। विज्ञापन पर क्लिक करते ही मोबाइल हैंग हो गया। फोन का कोई फंक्शन काम नहीं कर रहा था और वह स्विच ऑफ भी नहीं हो रहा था। इसके बाद मोबाइल को पुरानी छावनी चौराहे की एक दुकान पर ले जाया गया, जहां दुकानदार ने फोन को बंद कर दोबारा चालू किया। मोबाइल चालू होने के कुछ घंटे बाद बैंक की किस्त से जुड़ा मैसेज आया। खाता चेक करने पर बैलेंस करीब 2970 रुपए माइनस दिखाई दिया। 

READ MORE: बाल संप्रेषण गृह में बड़ी चूक: नशे में धुत नाबालिग ने साथी पर चाकू से किया हमला, पेट में आए 3 टांके

जब पीड़ित ने अपनी पत्नी से पैसे ट्रांसफर करने के बारे में पूछा, तो उन्होंने किसी भी ट्रांजेक्शन से इनकार कर दिया। इसके बाद तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई,अगले दिन बैंक से स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि खाते से यूपीआई के जरिए तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 98 हजार रुपए निकाले गए हैं। बैंक में शिकायत के बाद पुरानी छावनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद मोबाइल में किस तरह सेंध लगी और रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m