गोरखपुर. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बीजेपी के प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े के गोरखपुर दौरे में कई अहम मुलाकातें हुईं. संगठनात्मक बैठकों के बाद तावड़े निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद के घर पहुंचे. इसके अलावा उन्होंने राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल से भी उनके आवास पर मुलाकात की. दोनों मुलाकातों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा रही.
इसे भी पढ़ें- हाईवे पर गोलियों की गूंज! जमीन कब्जेदारी के खूनी संघर्ष में 5 गिरफ्तार
संजय निषाद के घर पहुंचे तावड़े
विनोद तावड़े ने संजय निषाद के आवास पर उनसे मुलाकात की. रिपोर्ट के मुताबिक दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई. हाल के दिनों में संजय निषाद ने कुछ मुद्दों पर अपनी ही सरकार के प्रति नाराजगी जताई थी. ऐसे में यह मुलाकात राजनीतिक रूप से चर्चा में रही. हालांकि, बैठक में किसी औपचारिक समझौते या नए फैसले की घोषणा नहीं हुई है.
निषाद ने तस्वीर शेयर कर जताया आभार
मुलाकात के बाद संजय निषाद ने सोशल मीडिया पर तावड़े के साथ तस्वीरें साझा कीं. उन्होंने तावड़े के निषाद भवन आने पर स्वागत और आभार जताया. इससे पहले वह विपक्ष के नेताओं से मुलाकात और अपनी सरकार के खिलाफ कुछ मुद्दों पर सार्वजनिक रूप से अपनी बात रख चुके हैं.
राधा मोहन दास अग्रवाल से भी हुई मुलाकात
तावड़े ने राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल के दाउदपुर स्थित आवास पर भी मुलाकात की. अग्रवाल ने बताया कि बातचीत में उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की ताकत और कमियों, टिकट वितरण की प्रक्रिया और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई.
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में बीजेपी का मिशन-2027 मंथन, विनोद तावड़े ने दिया बूथ मजबूत करने का मंत्र
संगठन से लेकर चुनावी तैयारियों पर फीडबैक
गोरखपुर दौरे के दौरान तावड़े ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें कीं. 62 विधानसभा क्षेत्रों से फीडबैक लिया गया और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने पर जोर दिया गया. तावड़े के आगे के कार्यक्रम में 19-20 सितंबर को अयोध्या और 21-22 सितंबर को प्रयागराज में संगठनात्मक बैठकें शामिल हैं.



