प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार को आवारा पशुओं को पकड़ने पहुंची नगर निगम की टीम और पशुपालकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले। बीच सड़क हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह पूरा मामला देवास गेट थाना क्षेत्र स्थित दूध तलाई इलाका का बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर निगम की टीम क्षेत्र में आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान कुछ पशुपालकों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने पकड़ में आ रहे पशुओं को भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद नगर निगम कर्मचारियों और पशुपालकों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े।
ये भी पढ़ें: रैगिंग से MP शर्मसार: राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा नंबर, रिपोर्ट के बाद मचा सियासी घमासान
घटना में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर देवास गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। देवास गेट थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि नगर निगम की टीम आवारा पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने पशुओं को भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद और मारपीट की स्थिति बन गई।
दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

