कुंदन कुमार, पटना। सोशल मीडिया पर ‘वायरल बॉय’ के नाम से मशहूर आदित्य ने देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अपने माता-पिता को न्याय दिलाने और देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के मामलों के विरोध में धरना शुरू कर दिया है। आदित्य का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनकी माता के साथ मारपीट की थी और यह सब सरकार के इशारे पर किया गया है। उन्होंने सीधे तौर पर केंद्र सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
प्रधानमंत्री मोदी से मिलने की उठी मांग
धरना स्थल पर बैठे आदित्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करना चाहते हैं। उनका कहना है कि जब तक उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने का मौका नहीं मिलता और उनके परिवार को पूरी तरह न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। आदित्य ने जोर देकर कहा कि इस पूरी कार्रवाई में उनके परिवार को निशाना बनाया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्रहित और भविष्य की सुरक्षा का सवाल
एक छात्र के रूप में अपनी चिंता व्यक्त करते हुए आदित्य ने कहा कि देश में धड़ल्ले से पेपर लीक हो रहे हैं जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अंधेरे में जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह खुद एक छात्र हैं और उन्हें भी अपने उज्ज्वल भविष्य की चिंता है। इसी छात्र हित और भविष्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वे इस बड़े छात्र आंदोलन का हिस्सा बने थे। उन्होंने चेतावनी दी है कि सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना होगा और जल्द से जल्द इस मामले में ठोस कार्रवाई करनी होगी।


