सोनू वर्मा, नूंह। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किया गया खतरनाक स्टंट दो युवकों को भारी पड़ गया। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क पर थार और ट्रैक्टर को लोहे की चेन से बांधकर ताकत आजमाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। साथ ही दोनों चालकों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ताकत दिखाने की चुनौती बनी मुसीबत
पुलिस जांच में सामने आया कि थार और ट्रैक्टर में से कौन ज्यादा शक्तिशाली है, इसे साबित करने की चुनौती के चलते दोनों चालकों ने रीगड़-अगोन रोड पर वाहनों को चेन से बांधकर जोर-आजमाइश शुरू कर दी। स्टंट के दौरान ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सड़क किनारे खड़े लोग बनाते रहे वीडियो
वायरल वीडियो में कई लोग सड़क किनारे खड़े होकर इस खतरनाक स्टंट की वीडियो रिकॉर्डिंग करते नजर आए। जिस सड़क पर यह करतब किया गया, वहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। यदि उसी समय कोई राहगीर या अन्य वाहन वहां से गुजर रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सदर थाना फिरोजपुर झिरका के प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। स्टंट में इस्तेमाल की गई थार और ट्रैक्टर को जब्त कर सीज कर दिया गया है।
जांच में थार चालक की पहचान अनवर पुत्र अब्दुल, निवासी हसनपुर बिलोंडा, जबकि ट्रैक्टर चालक की पहचान शाहिद पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी अगोन के रूप में हुई है। दोनों को हिरासत में लेकर मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के स्टंट या शक्ति प्रदर्शन से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे खतरनाक करतब न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि किसी भी समय बड़े हादसे और जान-माल के नुकसान का कारण भी बन सकते हैं।

