Vladimir Putin threatens NATO: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ‘नाटो’ को धमकी दी है।नाटो देशों को चेतावनी देते हुए पुतिन ने कहा कि रूस किसी यूरोपीय देश पर हमला करने की योजना नहीं बना रहा है। लेकिन अगर रूस पर हमला होता है, तो हम अपनी सुरक्षा के लिए अपने पास मौजूद सभी हथियारों समेत परमाणु बम का भी इस्तेमाल करेंगे। पुतिन ने यह भी कहा कि रूस के पास कुछ ऐसे हथियार हैं, जो दुनिया के किसी दूसरे देश के पास नहीं हैं। पुतिन ने यह बातें गुरुवार को मॉस्को में हुए वाल्दाई फोरम में कही।

बता दें कि कालिनिनग्राद (Kaliningrad) को लेकर नाटो और रूस का तनाव बढ़ता जा रहा है। कालिनिनग्राद रूस का सबसे पश्चिमी इलाका है। यह नाटो सदस्य देशों पोलैंड और लिथुआनिया के बीच स्थित है और यहां रूस की बड़ी सैन्य मौजूदगी है। रूस ने नाटो को चेतावनी दी कि अगर कालिनिनग्राद को रूस के बाकी हिस्से से काटने की कोशिश हुई तो वह इसकी रक्षा के लिए परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है।

मॉस्को में वल्दाई क्लब फोरम के दौरान पुतिन से पूछा गया कि क्या रूस NATO के साथ युद्ध के करीब है या दोनों एक-दूसरे को डराने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि यह डराना नहीं है, बल्कि हमें डराने की कोशिश का जवाब है। उन्होंने NATO को दी गई पिछली चेतावनी को भी सही ठहराया। पुतिन ने कहा कि रूस यूरोप के साथ शांतिपूर्ण तरीके से रहना चाहता है। हालांकि अगर उस पर हमला हुआ तो सभी उपलब्ध हथियारों के इस्तेमाल का सवाल तुरंत सामने आएगा।

जिनपिंग-ट्रंप के साथ बैठक को तैयार पुतिन

पुतिन ने कहा कि लगातार बढ़ता तनाव एक ऐसी स्थिति तक पहुंच सकता है, जहां वापस लौटना मुश्किल हो जाए। उन्होंने दुनिया के देशों से ऐसे हालात पैदा नहीं करने की अपील की, जिनमें बड़े विनाश वाले हथियारों का इस्तेमाल हो सकता है। पुतिन ने यह भी कहा कि वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ तीन देशों की बैठक के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए पहले बैठक का एजेंडा तय होना चाहिए।

बता दें कि रूस और पश्चिम के बीच 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से संबंध काफी तनावपूर्ण हैं। यूरोपीय देशों ने रूस पर तोड़फोड़ और आगजनी जैसी गतिविधियों के जरिए कथित हाइब्रिड वॉर बढ़ाने का आरोप भी लगाया। वहीं रूस इन आरोपों से इनकार करता है।

नाटो महासचिव ने क्या कहा

रूस की धमकी पर नाटो महासचिव मार्क रुटे ने कहा कि NATO का कलिनिनग्राद को निशाना बनाने का कोई इरादा नहीं है। नाटो की सैन्य व्यवस्था रक्षात्मक है और परमाणु हथियारों की धमकी देना मददगार नहीं है। वह एक रक्षात्मक गठबंधन है। महासचिव मार्क रुटे ने भी कहा कि रूस परमाणु धमकी देना बंद करे. उन्होंने रूस से यूक्रेन के खिलाफ जारी युद्ध रोकने की अपील भी की।

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m