सुप्रिया पांडेय, रायपुर। भीषण गर्मी के बीच राजधानी रायपुर में जलसंकट गहराता जा रहा है। शहर के खम्हारडीह बस्ती स्थित सतनाम चौक में पिछले कई दिनों से पानी की सप्लाई ठप है, जिससे स्थानीय लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। यहां लोग बीते एक महीने से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।
खम्हारडीह में हालात ये हैं कि नलों में पानी नहीं आ रहा। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी भटकना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी के टैंकर भी बेहद कम मात्रा में भेजे जा रहे हैं, जिससे सभी तक पानी नहीं पहुंच पा रहा।

बस्तीवासियों का आरोप है कि हर साल गर्मी के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने और नियमित पानी सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

