प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आत्महत्या के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना के बाद अब जिले में दो और लोगों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी है। अलग-अलग स्थानों पर हुई इन दोनों घटनाओं से एक बार फिर सनसनी फैल गई है। लगातार सामने आ रहे आत्महत्या के मामलों ने समाज और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है।

दो लोगों ने जहर सेवन कर दी जान

जानकारी के अनुसार, पहला मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खर्तूली का है। यहां रहने वाले दानीराम साहू ने अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। दानीराम कृषि कार्य से जुड़े हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

narayana

वहीं दूसरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरी खुर्द का है। यहां के निवासी पूनेंद्र यादव ने भी अपने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

तीन दिन पहले एक ही दिन तीन युवकों ने लगाई थी फांसी

बता दें कि इससे पहले 30 जून को धमतरी जिले में एक ही दिन तीन युवकों द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मकेश्वर वार्ड की थी, जहां संजू साहू ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के अछोटा गांव की थी, जहां गोपाल यादव ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी। वहीं तीसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के संबलपुर ओवरब्रिज के पास हुई थी, जहां एक युवक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला था। फिलहाल, पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।