० गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी, 18 जुलाई तक अधिकांश इलाकों में शुष्क रहेगा मौसम

हरियाणा डेस्क। हरियाणा में सोमवार को मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 9 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं, कई जिलों में उमस भरी गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।


हरियाणा में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत और जींद के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसानों और आम नागरिकों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 जुलाई तक हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर बीच-बीच में जारी रह सकता है।

उमस से बेहाल रहा प्रदेश

रविवार को प्रदेश के कई जिलों में गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। सबसे अधिक अधिकतम तापमान भिवानी में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रोहतक में 38.6 डिग्री, सिरसा में 38.2 डिग्री, जबकि हिसार और फरीदाबाद में 37-37 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद तापमान में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।