प्रमोद कुमार, कैमूर। तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना कुदरा थाना क्षेत्र के लहुरबारी गांव के पास की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर इलाज कराने के लिए जा रही थी। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में मामत पसर गया।
रिलेशन में इलाज कराने जा रही थी महिला
मृतिका की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र खजरा गांव निवासी अमित कुमार की 28 वर्षीय पत्नी सुशीला देवी के रूप में हुई है। वहीं, सदर अस्पताल पहुंचे मृतका के परिजनों ने बताया कि महिला अपने पति के साथ रोहतास जिला के शिवसागर थाना क्षेत्र के छुरियां गांव अपने रिलेशन में इलाज कराने जा रही थी।
इसी दौरान कुदरा थाना क्षेत्र के लहुरबारी गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों पति-पत्नी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कुदरा पीएचसी में इलाज के लिए लाया गया।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
जहां महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसने अपना दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, घायल पति का अभी भी कुदरा पीएचसी में इलाज चल रहा है।
परिजनों ने की मुआवजे की मांग
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतिका के परिजनों ने बताया कि महिला को दो पुत्र हैं, जिसमें एक आदित्य कुमार 5 वर्ष एवं पद्दू कुमार 2 वर्ष का है। मृतिका के परिजनों ने जिला प्रशासन से मुआवजा राशि की मांग की है।
ये भी पढ़ें- बिहार में महिला की सिर कटी लाश मिलने से फैली सनसनी, निर्मम हत्या से दहशत में लोग

