अजय शास्त्री, बेगूसराय। खगड़िया में दबंगों का कहर देखने को मिला है, जहां जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस की लापरवाही और दबंगों की लगातार मिल रही धमकियों को घटना की बड़ी वजह बताया है।

एक की मौत, 3 की हालत गंभीर

खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र स्थित कड़वा मोड़ के पास 1 जून 2026 की देर रात करीब 2 बजे उस समय चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब बदमाशों ने एक परिवार पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 28 वर्षीय रचना कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय परी कुमारी, 58 वर्षीय जयकांत पासवान और उनकी पत्नी पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, और वे जिंदगी तथा मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

पीड़ित परिजनों का आरोप है कि जमीन लिखवाने को लेकर अनवर अली लगातार दबाव बना रहा था। वहीं मुख्य आरोपी मिथिलेश सिंह पर पहले से दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं, और घटना के बाद से वह फरार बताया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही थाना में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी, और लगातार मिल रही धमकियों की जानकारी भी दी थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यदि पुलिस सतर्क रहती तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।

जनप्रतिनिथियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

घटना की जानकारी मिलने के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद राजेश वर्मा, परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य और बखरी विधायक सह गन्ना मंत्री संजय पासवान आज गुरुवार (4 जून) को बेगूसराय के निजी अस्पताल पहुंचे, और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। जनप्रतिनिधियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, और फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

ये भी पढ़ें- भाजपा आईटी सेल संयोजक विकास मेहता के आवास पहुंचे नितिन नबीन, नवदंपति को दिया आशीर्वाद