Women’s Hockey World Cup 2026 में भारतीय टीम के लिए आज का मुकाबला करो या मरो का है। नीदरलैंड्स के हाथों 0-2 से हार के बाद टीम इंडिया की सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल हो गई है। भारत को अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। हालांकि, सिर्फ भारत की जीत से काम नहीं चलेगा। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को चीन और नीदरलैंड्स के मुकाबले के नतीजे पर भी निर्भर रहना होगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पूल-ई का मुकाबला 23 अगस्त को भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे शुरू होगा।
पहले चीन-नीदरलैंड्स मैच पर नजर
पूल-ई में नीदरलैंड्स 6 अंक के साथ पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। चीन के 2 अंक हैं, जबकि भारत और ऑस्ट्रेलिया के खाते में 1-1 अंक हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले से पहले चीन और नीदरलैंड्स आमने-सामने होंगे। इस मैच का नतीजा भारतीय टीम के लिए बेहद अहम होगा।
चीन हारा या मैच ड्रॉ रहा तो भारत की उम्मीद कायम
अगर नीदरलैंड्स चीन को हरा देता है या दोनों टीमों के बीच मुकाबला ड्रॉ रहता है, तो भारत की सेमीफाइनल की उम्मीद बनी रहेगी। इसके बाद भारत को ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के बाद भारत के 4 अंक हो जाएंगे। वहीं, चीन अगर नीदरलैंड्स से ड्रॉ खेलता है तो उसके अधिकतम 3 अंक ही होंगे। ऐसे में भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
चीन जीता तो भारत का सफर खत्म
भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा चीन की जीत है। अगर चीन नीदरलैंड्स को हरा देता है, तो भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को हराने के बावजूद सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी।
यानी भारत की नजर अपने मुकाबले के साथ-साथ चीन और नीदरलैंड्स के मैच पर भी रहेगी।
नीदरलैंड्स के खिलाफ मौके बनाए, गोल नहीं कर सके
भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता अटैक और फिनिशिंग की है। नीदरलैंड्स के खिलाफ टीम ने गोल के मौके बनाए, लेकिन उन्हें गोल में बदलने में कामयाब नहीं रही। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस कमी को दूर करना होगा।
पेनल्टी कॉर्नर स्पेशलिस्ट दीपिका और फॉरवर्ड नवनीत कौर से टीम को गोल की उम्मीद होगी। कप्तान सलीमा टेटे की अगुआई में भारतीय टीम के सामने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।
भारत का स्क्वॉड
सलीमा टेटे (कप्तान), इशिका चौधरी, निक्की प्रधान, बिचु देवी खरिबाम (गोलकीपर), सविता (गोलकीपर), शिल्पी दाबस, लालरेमसियामी, दीपिका सोरेंग, बलजीत कौर, इशिका, ज्योति, नवनीत कौर, सुशीला चानू पुखरामबम, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, रुताजा दादासो पिसाल, ललथंतलुआंगी, साक्षी राणा, ब्यूटी डुंग डुंग और दीपिका।
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड
ग्रेस स्टीवर्ट (कप्तान), क्लेयर कोलविल, मॉर्गन मैथिसन, एमी लॉटन, ग्रेस यंग, सारा बायर्न्स, अलीशा पावर (गोलकीपर), अबिगेल विल्सन, एलिस अर्नॉट, मकायला जोन्स, स्टेफनी केरशॉ, कैटलिन नोब्स, कोर्टनी शॉनेल, लूसी शर्मन, अलाना कवानाघ, जोसेलिन बार्ट्रम (गोलकीपर), कैरी सोमरविल, टैटम स्टीवर्ट, ओलिविया डाउन्स, मारियाह विलियम्स और नीसा फ्लिन।
कुल मिलाकर भारत के लिए समीकरण साफ है, चीन को नीदरलैंड्स के खिलाफ जीतना नहीं है और भारत को ऑस्ट्रेलिया को हराना है। दोनों शर्तें पूरी हुईं, तभी टीम इंडिया सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

