अयोध्या. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सोमवार को अयोध्या पहुंचेंगे. उनका करीब ढाई घंटे का कार्यक्रम तय है. इस दौरान वह दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. अयोध्या में दीपोत्सव का मुख्य आयोजन 7 नवंबर को होना है. इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की संभावना है.
नगर मजिस्ट्रेट संजीव कुमार उपाध्याय के मुताबिक, मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 1 बजे रामकथा पार्क में उतरेगा. इसके बाद वह हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे.
इसे भी पढ़ें- आजम खां से पूछताछ के लिए ED मांगेगी रिमांड, 426 करोड़ की संपत्तियों पर होंगे सवाल
हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन करेंगे योगी
कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 1:50 बजे तक हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद दोपहर 2:15 बजे तक रामलला के दर्शन करेंगे. राम मंदिर परिसर में उनकी मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं.
यात्री सुविधा केंद्र में होगी दीपोत्सव की बैठक
मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे रामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र पहुंचेंगे. यहां दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक होगी. इसमें आयोजन की व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की जाएगी. बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:30 बजे रामकथा पार्क लौटेंगे. यहां से हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे.
अमित शाह के आने की भी संभावना
अयोध्या में दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 7 नवंबर को आयोजित होगा. इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आने की संभावना है. मुख्यमंत्री का दौरा इसी आयोजन की तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है. हालांकि, मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है.
इसे भी पढ़ें- कुशीनगर में पिता-पुत्र समेत 7 की मौत, भयानक सड़क हादसे में ट्रेलर से टकराई ईको वैन, काटकर निकालने पड़े शव
सुरक्षा के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती
जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए अलग-अलग स्थानों पर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है. रामकथा पार्क के हेलीपैड, मुख्यमंत्री की फ्लीट, हनुमानगढ़ी, रामजन्मभूमि परिसर और राम की पैड़ी पर अधिकारी तैनात रहेंगे. इसके अलावा सरयू अतिथि गृह, नयाघाट और मार्ग व्यवस्था की जिम्मेदारी भी अलग-अलग अधिकारियों को दी गई है. प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं.

