लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की बधाई भी दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा देता है. देश की असली ताकत उसकी एकता में है. यह एकता तभी मजबूत होगी, जब हर नागरिक के मन में राष्ट्र प्रथम का भाव होगा.
योगी ने कहा कि सरदार पटेल ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रीय एकात्मता के लिए समर्पित कर दिया. उनकी विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य है. उनका जीवन एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है.
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर AIIMS की निदेशक को इलाज के लिए जाना पड़ा प्राइवेट अस्पताल, 5 साल बाद भी कैथ लैब नहीं
सरदार पटेल को बताया आधुनिक भारत का शिल्पकार
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार और लौह पुरुष बताया. उन्होंने कहा कि देश के एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. उनकी जयंती पर हमें उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए.
2017 से पहले की राजनीति पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया. इससे सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता की भावना कमजोर हुई. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला है.
सुशासन और सामाजिक समरसता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राष्ट्र प्रथम की भावना और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र को आधार बनाया है. सुशासन के जरिए सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया गया है. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की विरासत को एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प से जोड़ना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत वोटर लिस्ट गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, मौजूदा और पूर्व DM से जवाब तलब; दो SDM हटाए गए
रन फॉर यूनिटी में शामिल होने की अपील
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ में लोगों से भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि एकता दौड़ का हर कदम देश की अखंडता के प्रति समर्पण का प्रतीक होना चाहिए. उन्होंने लोगों से ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ के संकल्प को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया.

