लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के लोगों के नाम पाती लिखी. इसमें महर्षि वाल्मीकि को भारतीय संस्कृति और मानवता का महान मार्गदर्शक बताया. सीएम योगी ने कहा कि रामायण के जरिए महर्षि वाल्मीकि ने सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया. उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा देती हैं.

इसे भी पढ़ें- CM योगी का आज बिठूर दौरा, वाल्मीकि आश्रम में दर्शन और विकास परियोजनाओं का बड़ा ऐलान संभव

रामायण में समानता और भाईचारे का संदेश

सीएम योगी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम के चरित्र के जरिए ऐसे समाज की कल्पना की, जहां प्रेम, न्याय, समरसता और भाईचारे को प्राथमिकता मिले. रामायण में श्रीराम और निषादराज की मित्रता इसका उदाहरण है. यह प्रसंग बताता है कि सामाजिक पहचान से ऊपर उठकर सम्मान और समानता का भाव रखना चाहिए. रामराज्य की कल्पना भी हर व्यक्ति की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण पर आधारित है.

चित्रकूट और बिठूर में विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार महर्षि वाल्मीकि के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है. चित्रकूट में उनके साधना स्थल के विकास की पहल की गई है. वहीं, बिठूर स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए भी काम किए गए हैं. इन प्रयासों का उद्देश्य श्रद्धालुओं और युवाओं को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा दिलाना है.

अयोध्या एयरपोर्ट को दिया गया वाल्मीकि का नाम

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है. इससे उनकी विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है. प्रदेश में वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश भी उनके प्रति सम्मान का प्रतीक है. सरकार वंचित और पिछड़े वर्गों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए भी काम कर रही है.

इसे भी पढ़ें- शामलीः ओवैसी का अखिलेश पर बड़ा हमला, बोले- दाढ़ी-टोपी वाला मुसलमान आपको रावण नजर आता है!

सफाई कर्मियों और वंचित समुदायों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिलना चाहिए. इसी सोच के तहत सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं. वनटांगिया गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया है. मुसहर, कोल, थारू और घुमंतू समुदायों तक आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे भगवान राम के आदर्श अपनाएं और मन से ऊंच-नीच व भेदभाव की दीवारें मिटाने का संकल्प लें.