दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में सांसद विवेक तन्खा ने सड़क हादसा देखते ही अपना काफिला रुकवा दिया। उन्होंने घायल को अपने फॉलो गाड़ी के जरिए अस्पताल पहुंचाया और उसका इलाज कराया। 

घायल की पहचान 35 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर, निवासी रामखिरिया के रूप में हुई है। दरअसल, एनएच-45 पर सरसला गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। 

ग्रामीणों ने तत्काल डायल-100 को सूचना दी, लेकिन इसी दौरान राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा का काफिला वहां से गुजरा। सड़क किनारे घायल युवक को देखकर सांसद ने अपना काफिला रुकवाया और तत्काल अपनी फॉलो गाड़ी से घायल को उपचार के लिए रवाना कराया। सांसद की पुलिस फॉलो गाड़ी घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए रोसरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m