हांसी। हिसार-दिल्ली हाईवे स्थित जोकी शोरूम के मैनेजर सूरज हत्याकांड मामले में हांसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार (आईपीएस) के मार्गदर्शन में सीआईए-2 हांसी की टीम ने मामले के दो मुख्य आरोपियों साहिल बामल और विकास मलिक को गिरफ्तार कर लिया है।
सीआईए-2 के पीएसआई कपिल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी सेक्टर-5 स्थित क्वार्टरों में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस को देख बिल्डिंग से लगा दी छलांग
पुलिस को देखते ही दोनों आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बिल्डिंग से छलांग लगा दी। इस दौरान उनके पैरों में चोटें आईं। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद घायल आरोपियों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल हांसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

