फतेहाबाद। टोहाना में सोमवार को बिजली विभाग के दफ्तर में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक पिता-पुत्र ने एक्सईएन यानी विभाग के बड़े अधिकारी कृष्ण कुमार के कार्यालय में घुसकर बवाल काट दिया। आरोप है कि उन्होंने अधिकारी के हाथ में जबरन नोटों की गड्डी थमाने की कोशिश की। अधिकारी द्वारा पैसे लेने से इनकार करने पर दोनों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। बुजुर्ग ने अधिकारी की गर्दन पकड़कर उन्हें अपने वश में करने की कोशिश की।

मदद के लिए चिल्लाते रहे अधिकारी

हाथापाई के दौरान एक्सईएन किसी तरह उनसे छूटकर अपने स्टाफ के पास पहुंचे। वे बार-बार कर्मचारियों से पुलिस को बुलाने और डायल 112 पर फोन करने की गुहार लiगाते रहे। उनका कहना था कि उन पर जानलेवा हमला किया गया है। ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, तब जाकर मामला थोड़ा शांत हुआ। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

रिश्वत का आरोप, पुलिस में शिकायत

विवाद की वजह बिजली कनेक्शन बताया जा रहा है। पिता-पुत्र का आरोप है कि एक्सईएन ने कनेक्शन जारी करने के बदले उनसे 2 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। वहीं, अधिकारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। घटना के बाद एक्सईएन इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे और बाद में पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

.