फरीदाबाद के भांखरी गांव में अरावली क्षेत्र में कूड़ा डालने के विरोध में चल रहा धरना शनिवार दोपहर पुलिस ने खत्म करा दिया। पुलिस ने धरनास्थल पर लगे टेंट उखाड़कर करीब 39 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव किया। इसमें दो से अधिक पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। इसके बाद पुलिस की निगरानी में नगर निगम की कूड़े की गाड़ियों को अरावली क्षेत्र में भेजा गया।
धरना हटाने के बाद पाली-भांखरी रोड जाम
पुलिस की कार्रवाई से नाराज प्रदर्शनकारियों ने पाली-भांखरी रोड जाम कर दी। वे अरावली में बनाए जा रहे कूड़ा केंद्र को खत्म करने की मांग कर रहे थे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी हुई। मौके पर तनाव बना रहा।
दो सप्ताह से कर रहे थे विरोध
स्थानीय लोग अरावली में कूड़ा डालने से पर्यावरण और आसपास की आबादी को नुकसान होने की आशंका जता रहे हैं। इसी के विरोध में वे करीब दो सप्ताह से धरने पर बैठे थे। इससे पहले भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धरनास्थल से हटाया था, लेकिन वे दोबारा धरने पर बैठ गए।
पुलिस ने हिरासत में लिए 39 लोग
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि धरनास्थल से करीब 39 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। खबर लिखे जाने तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

