ASI Sunil Chaudhary Death: गयाजी में कल सोमवार की देर रात हुए एक सड़क हादसे में डायल 112 के एएसआई सुनील चौधरी की मौत हो गई। घटना गया-पटना एनएच-22 पर बेलागंज थाना क्षेत्र स्थित खनेटा गांव के पास हुई, जहां मृतक एएसआई सुनील चौधरी की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाने की पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल एएसआई सुनील चौधरी को इलाज के लिए तुरंत बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एएसआई को गया रेफर कर दिया। हालांकि जब तक उन्हें गया अस्पताल पहुंचाया गया। तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
काम के सिलसिले में घर निकले थे ASI
मृतक एएसआई सुनील चौधरी मूल रूप से गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र स्थित डिहुरी गांव के निवासी थी। मौजूदा समय में वह जहानाबाद के शकूराबाद थाने में डायल 112 में एएसआई के पद पर तैनात थे। मिली जानकारी के अनुसार कल सोमवार की देर रात वह किसी काम के सिलसिले में अपने घर के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गया-पटना एनएच-22 पर खनेटा गांव के उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम
बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, सड़क हादसे में एएसआई सुनील चौधरी के मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने उनके शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के वजहों की जांच कर रही है। वहीं, दूसरी ओर एएसआई सुनील चौधरी के मौत की खबर सुनते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सभी घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे बिहार के दो युवक असम से गिरफ्तार, सेना का रिटायर्ड जवान भी शामिल

