वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले की धरती से एक ऐसी खबर आई है, जिसने पूरे बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम विश्व मंच पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे इलाके में खुशी की लहर है।

अंतरराष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टर में जीता कांस्य

अंतरराष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) की मेन्स हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीत लिया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ उन्होंने न केवल देश बल्कि बिहार और नालंदा जिले का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर दिया।

दुनिया के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

ग्लासगो में आयोजित इस प्रतियोगिता में दुनिया के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने 132.8 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने 131.0 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि भारत के झंडू कुमार ने 130.9 अंक प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। बेहद करीबी मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया।

झंडू कुमार के गांव में खुशी की लहर

झंडू कुमार की जीत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर बधाई देने लगे। पिता रामानंद पासवान ने बताया कि वे पूरी रात जागकर बेटे का मुकाबला मोबाइल पर देखते रहे। जैसे ही जीत की खबर मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

झंडू कुमार के भाई कुंदन कुमार ने बताया कि पूरा परिवार रात नौ बजे से मुकाबला देख रहा था। तनाव इतना था कि मोबाइल की बैटरी भी खत्म होने वाली थी, लेकिन आखिरकार झंडू कुमार ने भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर सभी की आंखों में खुशी के आंसू ला दिए। माता कमला देवी ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपने बेटे को तिरंगा लहराने का आशीर्वाद दिया था और आज उनका सपना पूरा हो गया।

कभी नहीं मिली सरकारी सहायता

हालांकि इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे संघर्ष की लंबी कहानी भी छिपी है। परिवार का कहना है कि उन्हें अब तक किसी प्रकार की सरकारी सहायता या स्थानीय प्रशासन का विशेष सहयोग नहीं मिला। बावजूद इसके झंडू कुमार ने अपनी मेहनत, दृढ़ इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग के दम पर विश्व स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की।

झंडू कुमार की इस सफलता पर नालंदा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन, खेल प्रेमियों और जिले भर के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी भारत के लिए स्वर्णिम सफलताओं की कामना की है।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: पटना पहुंचे नितिन नबीन, पवन सिंह और मनोज तिवारी के बाद खुद संभाला मोर्चा