अजय राय ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला और उन्हें महामूर्ख व्यक्ति बताया. उन्होंने गंगा की मौजूदा स्थिति पर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को घेरते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की.

वाराणसी. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सम्राट चौधरी को ‘महामूर्ख व्यक्ति’ बताते हुए कहा कि जिसे क्राइम और अपराध की जानकारी ही नहीं है, वह क्या समझेगा. इस दौरान उन्होंने बिहार के ऐतिहासिक योगदान का भी उल्लेख किया.

अजय राय ने कहा कि देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद बिहार से थे. महात्मा गांधी ने भी बिहार की धरती से आंदोलन किया था.

गठबंधन और प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अजय राय ने कहा कि इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे की स्थिति जल्द स्पष्ट हो जाएगी. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनेगी.

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश की कमान संभालने की संभावनाओं पर उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी निश्चित रूप से प्रदेश की जिम्मेदारी संभालेंगी. अजय राय ने कहा कि पार्टी के सभी लोग उनका स्वागत करेंगे.

गंगा की स्थिति पर सवाल

अजय राय ने मां गंगा की मौजूदा स्थिति को लेकर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने आज ही के दिन गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किया था. उस समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देशभर में मां गंगा की पूजा-अर्चना की थी.

उन्होंने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि गंगा का पानी अब आचमन योग्य भी नहीं रह गया है. अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मां गंगा ने उन्हें बुलाया है.

कांग्रेस नेता ने कहा कि आज गंगा की स्थिति ऐसी हो गई है कि उसमें आचमन करना भी मुश्किल है. उन्होंने इसे काशीवासियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार से जवाब मांगा. अजय राय ने गंगा की निर्मलता और अविरलता सुनिश्चित करने के लिए सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग भी की.