संजीव, सोनीपत। गांव बैंय्यापुर के चौपाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को एक विशेष नि:शुल्क स्वास्थ्य मेले और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. राजेंद्र सिंह टोंक द्वारा अपने पिताजी स्वर्गीय चौ० रणधीर सिंह की स्मृति में आयोजित किया गया था। इस स्वास्थ्य कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना और लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक करना था।

14 विशेषज्ञों की टीम ने दी सेवाएं

स्वास्थ्य मेले में डॉ. राजेंद्र सिंह टोंक के नेतृत्व में 14 डॉक्टरों की एक विशेष टीम मौजूद थी। इस टीम में आंखों के विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ और हृदय रोग विशेषज्ञ सहित कई अन्य अनुभवी डॉक्टर शामिल थे। कैंप में मरीजों की खून की जांच और ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी मुफ्त में उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता

मरीजों की जांच के साथ-साथ डॉ. टोंक ने समाज में फैली कुरीतियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या, नशाखोरी और जातिवाद जैसी समस्याओं को जड़ से खत्म करने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों को शिक्षा का महत्व समझाया और मिलावटी खाद्य पदार्थों तथा फसलों में कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले खतरों के प्रति आगाह किया। डॉ. टोंक ने विशेष रूप से माता-पिता को सलाह दी कि वे बच्चों को प्लास्टिक की बोतलों में गर्म पेय पदार्थ देने से बचें।

22 वर्षों से चल रहा है चौपाल संस्था का मिशन

चौपाल संस्था पिछले 22 वर्षों से स्वस्थ गांव और उन्नत देश बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इस कैंप में आसपास के 12 गांवों के करीब 730 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इनमें से 289 लोगों को चश्मे बांटे गए और 25 मरीजों को कान की मशीनें दी गईं। इसके अलावा सभी जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। संस्था की टीम और इलाके के गणमान्य नागरिकों ने इस सेवा कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।