अजय सैनी, भिवानी. कांग्रेस के स्थानीय कैंप कार्यालय में शनिवार को आयरन लेडी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस एवं लौह पुरूष सरदार वल्लभाई पटेल की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) अनिरूद्ध चौधरी एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी ने की।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके देश के निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया। नेताओं ने कहा कि देश के निर्माण में सरदार पटेल और इंदिरा गांधी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। इंदिरा गांधी को देश की सबसे सशक्त प्रधानमंत्री बताया गया, और यह दिन दो महान आदर्शों को याद करने का अवसर है।


इस मौके पर अनिरूद्ध चौधरी व प्रदीप गुलिया जोगी ने एक नवंबर की दिल्ली रैली को लेकर बड़ा दावा किया है कि राहुल गांधी के आह्वान पर देश भर का कांग्रेस कार्यकर्ता भारी जोश में है। उन्होंने कहा कि भिवानी जिला से भी हजारों की संख्या में लोग इस रैली में भाग लेने के लिए सुबह एकजुट होकर रवाना होंगे। उनका कहना है कि हरियाणा की भागीदारी इस बार सबसे बड़ी होगी, क्योंकि राज्य में वोट चोरी करके सरकार छीनी गई है। जनता और कार्यकर्ताओं ने खून-पसीना बहाकर पार्टी को सींचा है, इसलिए अब हरियाणा का हर कार्यकर्ता यह समझता है कि यह बदला लेने का सही समय है।


कांग्रेस जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) अनिरूद्ध चौधरी एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) प्रदीप गुलिया जोगी ने वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज आम जनता में सरकार के खिलाफ भारी रोष है। लोगों में वोट चोरी, महंगाई, किसानों की दुर्दशा, आम आदमी की परेशानियों, बच्चों व स्टूडेंट्स की समस्याओं, और भ्रष्टाचार को लेकर आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में आज पर्ची और खर्ची के अलावा कोई काम नहीं हो रहा है, जिससे लोगों में गुस्सा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में होने वाली रैली को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न हथकंडे अपनाने के आरोप लगाए गए हैं। सत्ताधारी तंत्र द्वारा रैली में बाधा डालने की तमाम कोशिशें की जा रही हैं। उदाहरण देते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा गया कि पिछले दो साल से नहर में पानी नहीं आया, लेकिन रैली के ठीक दो दिन पहले पानी छोड़ा जा रहा है ताकि किसानों को खेतों में व्यस्त रखकर रैली में जाने से रोका जा सके। इसके बावजूद यह एक ऐतिहासिक रैली साबित होगी, जो अन्य राजनीतिक दलों की तरह स्कूलों के बच्चों को खड़ा करके की जाने वाली भीड़ जैसी नहीं होगी, बल्कि यह लोगों के वास्तविक रोष का परिणाम होगी।

इस अवसर पर देवराज महता, कमल प्रधान सेवादल, नरेश तंवर जीएम, दिनेश कौशिक, सविता मान, मुकेश पहाड़ी, कर्ण सिंह, संजीव जागलान, अशोक ढ़ोला, अमन तंवर, मनदीप सुई प्रधान युवा कांग्रेस, अक्षित घणघस प्रधान एनएसयूआई सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।