रोहतक। हरियाणा के रोहतक (Rohtak) से बड़ी खबर सामने आ रही है। महन विधानसभा क्षेत्र (Mahan Assembly Constituency) से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी (Congress MLA Balram Dangi) को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपी ने विधायक के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए डायरेक्ट मैसेज भेजा है। जिसमें उसने 5 करोड़ रुपए के रंगदारी की मांग की है। धमकी भरे मैसेज भेजे जाने की शिकायत विधायक ने थाने में की है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। बताया जा रहा है कि, जिस नंबर से मैसेज भेजा गया है, वो विदेशी नंबर है।
कार्यालय के शीशे तोड़ने के बाद अब दी जान से मारने की धमकी
विधायक बलराम दांगी के पास आए मैसेज में लिखा है कि अभी तो सिर्फ तुम्हारे कार्यालय के शीशों पर ही गोली चलाई है, अब पांच करोड़ रुपए तैयार कर ले नहीं तो अगली गोली तेरे ऊपर चलाई जाएगी। मैसेज भेजने वाले ने खुद को सुमित उर्फ छोटू सामनिया बताया है। इस मैसेज के बाद विधायक और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंताएं काफी बढ़ गई हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है और विदेशी नंबर की बारीकी से जांच की जा रही है।
थाने के ठीक सामने हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
आपको बता दें कि अभी पिछले शनिवार को ही महम में विधायक बलराम दांगी (Balram Dangi) के दफ्तर पर अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। हमलावरों ने दफ्तर को निशाना बनाते हुए करीब चार से पांच राउंड गोलियां चलाई थीं, जो दफ्तर के शीशों को चीरती हुई पार निकल गई थीं। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि विधायक का यह दफ्तर महम पुलिस स्टेशन के बिल्कुल ठीक सामने स्थित है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

