कुंदन कुमार, पटना। खान सर और रौशन आनंद प्रकरण में अब जातीय कोण उभरकर सामने आने लगा है। दरअसल रौशन आनंद की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए उनके समर्थन में आज पटना की सड़कों पर पोस्टर लगाए गए हैं। समाज सेवी अपर्णा यादव की ओर से लगाए गए इस पोस्टर में यादव को संघर्षों का साथी और नायक बताते हुए खान सर पर कटाक्ष किया गया है। अपर्णा यादव का कहना है कि खान सर जैसे लोगों का साथ यादव समाज ने हमेशा दिया है। लेकिन आज गलत आरोप लगाकर उन्हें फंसाने का काम खान सर ने किया है।
रौशन आनंद को फंसाने का आरोप
समाज सेविका अपर्णा यादव ने रौशन आनंद की गिरफ्तारी को गलत बताया है। पोस्टर के माध्यम में अपर्णा ने इसे एक तरफा कारवाई करार देते हुए कहा है कि जान बूझकर यादव समाज के लोगों को सरकार निशाना बना रही है, जबकि यादव समाज के लोग सभी का साथ देते हैं। उन्होंने साफ-साफ कहा कि खान सर जैसे लोगों का साथ यादव समाज ने दिया है। आज गलत आरोप लगाकर उन्हें फंसाने का काम खान सर ने किया है। सरकार ने भी गलत कारवाई किया है, जो ठीक नहीं है।
अपर्णा ने बताया यादव कौन?
पोस्टर में अपर्णा यादव ने यदुवंश के कुल भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीर लगाई गई है। साथ ही पोस्टर में लिखा गया है कि, यादव कौन है मैं बताती हूं।
- गीता का ज्ञान देने वाला यादव है।
- महाभारत का नायक यादव है।
- चक्र सुदर्शन धारी यादव है।
- अमृत मंथन का जन्मदाता यादव है।
- सुदामा का मित्र यादव है।
- 100 गलती माफ करने वाला यादव है।
- पापी कंस का वध करने वाला यादव है।
- भारतीय राजनीति का शक्ति संतुलन यादव है।
- मत छेड़ यादव को महाभारत से लेकर कुरुक्षेत्र तक सभी का नायक यादव है।
- जब-जब पाप और पापी बढ़ेगा हर जुल्म के खिलाफ यादव लड़ेगा।
खान सर के खिलाफ FIR दर्ज
खान सर की कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) पर हुए तोड़फोड़-पथराव और फायरिंग मामले में पटना पुलिस ने मामले में खान सर के नाम (फैसल खान) पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने खान सर के खिलाफ दर्ज एफआईआर में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास का धारा लगाई है। एफआईआर दर्ज करने के बाद पटना पुलिस कभी भी खान सर को गिरफ्तार कर सकती है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर फरार बताए जा रहे हैं। पटना पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
जानें क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि बीते 2 जून की रात खान सर की कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया। उसके अगले दिन पुलिस ने तोड़फोड़ के दौरान हुई फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस ने खान सर के दो सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सुरक्षा गार्डों ने बताया कि खान सर के कहने पर ही उन्होंने फायरिंग की थी, जिसके बाद पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ लिखित एफआईआर दर्ज की है और अब उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
ये भी पढ़ें- विश्व पर्यावरण दिवस पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, 50 लाख घरों में लगेगा सोलर सिस्टम

