कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़ | अब न सिफारिश, न चक्कर और न ही फाइलों का लंबा इंतजार… हरियाणा पुलिस में पहली बार ऐसा कदम उठाया गया है, जिसने भर्ती और तैनाती प्रक्रिया को लेकर बड़ी चर्चा छेड़ दी है। हजारों नए कांस्टेबलों की नजरें जिस फैसले पर टिकी थीं, वह अब एक क्लिक में पूरा कर दिया गया।

काफी समय से यह सवाल बना हुआ था कि आखिर नव नियुक्त जवानों को किस जिले या यूनिट में तैनाती मिलेगी। लेकिन इस बार पूरी प्रक्रिया पुराने तरीके से नहीं, बल्कि तकनीक के जरिए की गई। सबसे खास बात यह रही कि नए कांस्टेबलों से पहले उनकी पसंद पूछी गई और फिर उसी आधार पर आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

दरअसल Haryana Police की नई IT पहल के तहत पहली बार नव नियुक्त कांस्टेबलों के जिला और यूनिट आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की गई। DGP Ajay Singhal ने कंप्यूटर पर एक क्लिक के साथ इस प्रक्रिया को पूरा किया।

इस नई व्यवस्था के तहत 5100 पुरुष और 1797 महिला कांस्टेबलों से ऑनलाइन माध्यम से उनकी पसंद मांगी गई, ताकि मेरिट और सीनियरिटी के आधार पर उनकी पसंद के अनुसार जिला या यूनिट आवंटित की जा सके। पुलिस विभाग का कहना है कि इस प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष बनेगी।

हरियाणा पुलिस की यह पहल भर्ती और पोस्टिंग सिस्टम में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। अब इस मॉडल को भविष्य में पुलिस विभाग की अन्य प्रक्रियाओं में भी लागू किए जाने की चर्चा शुरू हो गई है।