चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देशभक्ति से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 39 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया है। इनमें 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों के खाते में आए हैं। उन्होंने बताया कि भारत के 13 स्वर्ण पदकों में से 7 स्वर्ण पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं, जिनमें 5 बेटियां शामिल हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल नीति और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहा है।
9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी 9 अगस्त से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान इस अभियान की शुरुआत की थी, जो अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
उन्होंने बताया कि इस बार हर घर तिरंगा अभियान को “वंदे मातरम” को समर्पित किया गया है। उनके अनुसार, यह अभियान नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का अवसर देगा। उन्होंने इसे सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव बताया।
स्कूल-कॉलेजों में होंगे विशेष कार्यक्रम
हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे और वंदे मातरम के इतिहास पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में वंदे मातरम की भावना पर आधारित तिरंगा कॉन्सर्ट भी आयोजित किया जाएगा।

14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 अगस्त को पूरे देश में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। हरियाणा में इसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में होगा। इसके तहत 13 अगस्त को विभाजन की त्रासदी से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा निकाली जाएगी।
फरवरी 2027 तक चलेगा गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 जुलाई 2026 से ‘गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है, जो 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। अभियान की शुरुआत संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से हुई। वहां पवित्र मिट्टी से भरे कलशों का पूजन कर उन्हें विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। यह कलश यात्रा अब देशभर में पहुंच रही है और गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी गुरुग्राम पहुंच चुकी है।
गुरुग्राम में होगा कलश यात्रा का स्वागत
मुख्यमंत्री ने बताया कि कलश यात्रा के स्वागत के लिए गुरुग्राम स्थित माता शीतला मंदिर परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के डेरा सचखंड से वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता इन सभी आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेगी और राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

